बीकेटीसी अध्यक्ष द्विवेदी के खिलाफ फिर फूटा तीर्थ पुरोहितों का गुस्सा, केदारनाथ की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल

kedarnath-dham-bktc-president

AI Image

श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी आज फिर से केदारनाथ धाम के तीर्थ पुरोहितों की नाराजगी का शिकार हुए। देश के प्रसिद्ध उद्योगपति गौतम अडाणी के केदारनाथ धाम से वापसी के बाद तीर्थ पुरोहितों ने मंदिर परिसर में प्रदर्शन कर बीकेटीसी अध्यक्ष द्विवेदी के खिलाफ जम कर नारेबाजी की।

द्विवेदी के खिलाफ नारेबाजी का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहे हैं। वीडियो में तीर्थ पुरोहित केदारनाथ धाम में वीआईपी दर्शनों का विरोध करते हुए द्विवेदी के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं।

बताया जा रहा है कि तीर्थ पुरोहित द्विवेदी की कार्यशैली को लेकर नाराज चल रहे हैं। शुक्रवार को सुप्रसिद्ध उद्योगपति गौतम अडाणी अपनी वैवाहिक वर्षगांठ के मौके पर पत्नी प्रीति अडाणी संग केदारनाथ पहुंचे थे। उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना की।

इस दौरान अडाणी के स्वागत के लिए बीकेटीसी अध्यक्ष भी धाम में ही मौजूद थे। अडाणी के वापस लौटते ही तीर्थ पुरोहितों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने मंदिर में वीआईपी दर्शन व अन्य व्यवस्थाओं को लेकर द्विवेदी के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की।

गौरतलब है कि तीर्थ पुरोहितों और द्विवेदी के बीच लगातार तनातनी चल रही है। विगत वर्ष कपाट बंद होने से पहले भी तीर्थ पुरोहितों का गुस्सा फट पड़ा था। तब तीर्थ पुरोहितों ने द्विवेदी को बीकेटीसी अध्यक्ष के पद से हटाने की मांग करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी थी।

तब तीर्थ पुरोहितों और द्विवेदी के बीच काफी प्रयासों के बाद सुलह हुई थी। द्विवेदी ने तीर्थ पुरोहितों को खुश रखने के लिए उनके संगठन केदार सभा के अध्यक्ष राजकुमार तिवारी को बीकेटीसी का विशेष आमंत्रित सदस्य भी नियुक्त किया है। हालांकि, जानकारों का कहना है कि शासन से नोटिफिकेशन जारी नहीं होने से विशेष आमंत्रित सदस्य की कोई वैधानिक मान्यता नहीं है।

बहरहाल, बीकेटीसी अध्यक्ष और तीर्थ पुरोहितो के बीच चल रही तनातनी के कारण केदारनाथ धाम की यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का मानना है कि ऐसी परिस्थितियों में धाम की व्यवस्थाओं में सुधर के बजाय गड़बड़ियों की गुंजाइश अधिक हैं।

*****