विवाह की वर्षगांठ पर केदारनाथ धाम पहुंचे उद्योगपति गौतम अदाणी, बाबा केदार के किए दर्शन

gautam-adani-kedarnath

देश के प्रमुख उद्योगपति गौतम अदाणी शुक्रवार को केदारनाथ धाम पहुंचे, जहां उन्होंने बाबा केदार के दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना की। इस दौरान उनकी पत्नी प्रीति अदाणी भी उनके साथ मौजूद रहीं।

दर्शन के बाद उन्होंने प्रस्तावित सोनप्रयाग-केदारनाथ रोपवे परियोजना का एरियल सर्वे भी किया। यह परियोजना केदारनाथ यात्रा को अधिक सुगम, सुरक्षित और तेज बनाने के उद्देश्य से तैयार की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि सितंबर 2025 में अदाणी एंटरप्राइजेज को राष्ट्रीय राजमार्ग लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट लिमिटेड (NHLML) की ओर से इस रोपवे परियोजना का लेटर ऑफ अवॉर्ड (LoA) मिला था। कंपनी के अनुसार लगभग ₹4,081 करोड़ की लागत से बनने वाली 12.9 किमी लंबी यह रोपवे परियोजना पूरी होने पर सोनप्रयाग से केदारनाथ तक यात्रा समय 8-9 घंटे से घटकर करीब 36 मिनट रह जाएगा। इसकी क्षमता 1,800 यात्रियों प्रति घंटा प्रति दिशा बताई गई है।

यह परियोजना केंद्र सरकार की परवतमाला परियोजना के तहत विकसित की जा रही है और इससे उत्तराखंड में पर्यटन, रोजगार तथा स्थानीय कारोबार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

केदारनाथ यात्रा के बाद गौतम अदाणी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म “X” पर लिखा कि आज का दिन उनके लिए विशेष है, क्योंकि एक ओर विश्व श्रमिक दिवस है और दूसरी ओर उनके विवाह की 40वीं वर्षगांठ।

उन्होंने लिखा कि इस पावन अवसर की शुरुआत उन्होंने अपनी जीवनसंगिनी प्रीति अदाणी के साथ केदारनाथ धाम में भगवान महादेव के दर्शन और आशीर्वाद से की। साथ ही उन्होंने देश की प्रगति, समृद्धि और शक्ति के लिए प्रार्थना की।

अदाणी ने अपने 4 लाख से अधिक कर्मचारियों के लिए ‘अपनी बात, अपनों के साथ’ नामक नई पहल की भी घोषणा की, जिसके माध्यम से वह समय-समय पर अपने विचार, अनुभव और सीख साझा करेंगे।