उत्तराखंड में अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान : नैनीताल, रुद्रपुर, ऋषिकेश में चला बुलडोजर

ऋषिकेश से रुद्रपुर तक अवैध कब्जों पर कार्रवाई
करोड़ों की जमीन मुक्त
उत्तराखंड के कई जिलों में सरकारी भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराने के लिए पुलिस-प्रशासन ने शनिवार व रविवार को व्यापक स्तर पर अभियान चलाया। रविवार को रुद्रपुर, नैनीताल और शनिवार को ऋषिकेश में भारी पुलिस बल और प्रशासनिक टीमों की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
रुद्रपुर : 8 एकड़ सरकारी भूमि पर से कब्जा हटाया
उधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर में जिला प्रशासन और नगर निगम की टीम ने खेड़ा बस्ती में लगभग 8 एकड़ सरकारी/नजूल भूमि को कब्जे से मुक्त कराया। इस भूमि का बाजार मूल्य लगभग 100 करोड़ रुपये आंका गया है।
पूर्व में प्रशासन ने कब्जाधारकों को नोटिस जारी किया था। शनिवार सुबह एडीएम पंकज उपाध्याय, राजस्व विभाग, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने ड्रोन सर्वे के बाद मौके पर पहुंचकर कब्जे में बनी दीवार को हटाया और भूमि को सरकारी नियंत्रण में ले लिया।
एडीएम उपाध्याय के अनुसार मदरसा सोसायटी को 2.53 एकड़ भूमि वैध रूप से आवंटित थी, लेकिन उससे लगी लगभग 8 एकड़ नजूल भूमि पर अवैध कब्जा पाया गया। 14 नवंबर को संबंधित विभागों से भूमि का सर्वे कराया गया था। बताया कि अतिरिक्त भूमि को अतिक्रमण से मुक्त करने के लिए हाई कोर्ट का आदेश भी है। इसी क्षेत्र में चामुंडा देवी मंदिर के पास स्थित लगभग 1.5 एकड़ भूमि को भी मुक्त कराने की प्रक्रिया जारी है।
नैनीताल : रामनगर के पुछड़ी क्षेत्र में बड़े स्तर पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई
नैनीताल जिले में पुलिस और वन विभाग ने रविवार सुबह सवेरे रिज़र्व फ़ॉरेस्ट भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। अधिकारियों ने कहा कि सभी कब्जाधारियों को पहले नोटिस जारी किया गया था। उसके बाद आज भारी पुलिस बल तथा JCB मशीनों के साथ अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए। पूरे क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त किया गया।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने कहा कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सोशल मीडिया पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है।
ऋषिकेश : गंगा किनारे चंद्रभागा क्षेत्र में 20 से अधिक अवैध कब्जे हटाए
इधर, शनिवार को देहरादून जिले के चंद्रभागा क्षेत्र में जिला प्रशासन और नगर निगम ऋषिकेश ने गंगा किनारे बने 20 से अधिक अवैध झोपड़ियों और आश्रयों को हटाने की कार्रवाई की।
जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर कार्रवाई की गई। प्रशासन को शिकायतें मिल रही थीं कि इन झोपड़ियों से निकलने वाला सीवर सीधे गंगा नदी में प्रवाहित किया जा रहा था। जैसे ही नगर निगम की टीम JCB के साथ मौके पर पहुंची, कई लोगों ने स्वयं ही झोपड़ियां हटाना शुरू कर दिया।
एसडीएम ऋषिकेश योगेश कुमार और नगर आयुक्त गोपालराम बिनवाल के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने क्षेत्र का निरीक्षण किया और अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया पूरी करवाई। मौके पर किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था।
