स्कीइंग व विंटर कार्निवल के लिए औली तैयार, 13 फरवरी को होगा उद्घाटन

auli_dehradun

उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध हिम क्रीड़ा स्थल औली में राष्ट्रीय स्तर की स्कीइंग प्रतियोगिताओं और विंटर कार्निवल की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 13 फरवरी से राष्ट्रीय स्कीइंग चैंपियनशिप एवं विंटर कार्निवल का औपचारिक शुभारंभ प्रस्तावित है। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए देश के विभिन्न राज्यों से टीमें औली पहुंचने लगी हैं, जबकि शेष टीमों के देर शाम तक पहुंचने की संभावना है।

आईटीबीपी औली के डिप्टी कमांडेंट ने बताया कि सुरक्षा, तकनीकी और चिकित्सा व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।

इस वर्ष के विंटर कार्निवल की खास बात यह है कि पहली बार योग को भी प्रतियोगिता और प्रदर्शन गतिविधियों में शामिल किया गया है। इसके साथ ही अल्पाइन स्कीइंग, स्नो बोर्डिंग, स्लैलम, जाइंट स्लैलम और स्नो शो जैसी स्पर्धाएं आयोजित होंगी।
महिला और पुरुष वर्ग में कुल पांच दिवसीय कार्यक्रम प्रस्तावित है।

आयोजकों के अनुसार, 13 फरवरी को उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा। उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के शामिल होने का प्रस्ताव है। इससे पूर्व 12 फरवरी को सभी टीमें औली पहुंचकर रिपोर्ट करेंगी।

राष्ट्रीय शीतकालीन खेलों और विंटर कार्निवल के आयोजन से औली सहित चमोली जनपद के पर्यटन को बड़ा बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। औली समुद्र तल से लगभग 9,000 फीट की ऊंचाई पर स्थित है और इसे देश के प्रमुख स्कीइंग डेस्टिनेशन में गिना जाता है।

बाहर से आए खिलाड़ियों और पर्यटकों में आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

You may have missed