सचिवालय व पुलिस मुख्यालय से कुछ कदम दूर दिनदहाड़े गोलीकांड, मचा हड़कंप

dehradun_murder

राजधानी देहरादून के सबसे संवेदनशील और वीवीआईपी मूवमेंट वाले तिब्बती मार्केट क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई गोलीबारी ने शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे अज्ञात बदमाशों ने एक युवक को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

मृतक की पहचान अर्जुन शर्मा (40) पुत्र कर्नल आरसी शर्मा के रूप में हुई है, जो अमरदीप गैस एजेंसी के संचालक बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक अर्जुन परेड ग्राउंड में टेनिस खेलने के बाद अपनी कार में बैठ रहे थे, तभी स्कूटी सवार दो युवक मौके पर पहुंचे और नजदीक से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। एक गोली सीधे उनके सीने में लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़े।

गोली चलने की आवाज से तिब्बती मार्केट थर्रा उठा। आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अवस्था में अर्जुन को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस की कई टीमें गठित कर शहरभर में नाकाबंदी की गई है।

गौरतलब है कि जिस समय यह वारदात हुई, उसी दौरान सचिवालय में प्रदेश कैबिनेट की अहम बैठक चल रही थी। घटना की गूंज सचिवालय तक पहुंची, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने तत्काल गृह सचिव को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए।

तिब्बती मार्केट क्षेत्र देहरादून का बेहद व्यस्त इलाका है, जहां रोजाना सैकड़ों लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। इसके साथ ही यहां सचिवालय और पुलिस मुख्यालय की निकटता के कारण लगातार वीवीआईपी मूवमेंट बना रहता है। ऐसे हाई-सिक्योरिटी जोन में दिनदहाड़े हत्या की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है।

उल्लेखनीय है कि देहरादून जिले में बीते दो सप्ताह के भीतर यह चौथी हत्या है।

29 जनवरी को विकासनगर में एक छात्रा की हत्या

31 जनवरी को ऋषिकेश में प्रीति रावत की गोली मारकर हत्या

2 फरवरी को मच्छी बाजार में गुंजन नामक युवती की चापड़ से हत्या

लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं ने आम लोगों में भय का माहौल पैदा कर दिया है और राजधानी की कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंताएं खड़ी कर दी हैं।