देहरादून में एक और हत्या, जिम से निकलते युवक को मारी गोली

dehradun_murder

राजधानी देहरादून के राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी मॉल में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब जिम से बाहर निकल रहे एक युवक की अज्ञात हमलावर ने गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान विक्रम शर्मा के रूप में हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मॉल परिसर में अचानक गोली चलने की आवाज से अफरा-तफरी मच गई। हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। मॉल परिसर को सील कर सघन जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी एंगल पर जांच कर रही है।

प्रदेश में बढ़ती आपराधिक घटनाएं पुलिस-प्रशासन के लिए चुनौती बनती जा रही हैं। हाल के दिनों में देहरादून, ऋषिकेश, हल्द्वानी में आपसी विवाद और पुरानी रंजिश के चलते हत्या की कई घटनाएं सामने आई हैं।

लगातार सामने आ रही इन घटनाओं से आमजन में असुरक्षा की भावना गहराई है। राजधानी के संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में हुई ताजा वारदात ने सुरक्षा इंतजामों की प्रभावशीलता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, हालिया सभी हत्याकांडों में सख्त कार्रवाई की जा रही है और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।