भाजपा कोर ग्रुप बैठक: दुष्यंत गौतम की गैर मौजूदगी व अजेय कुमार की मौजूदगी को लेकर कानाफूसी

अजेय कुमार (बाएं) दुष्यंत गौतम के साथ
प्रदेश सरकार के 4 साल पूरे होने पर मोदी को आमंत्रण
उत्तराखंड भाजपा की शनिवार को आयोजित कोर ग्रुप बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर व्यापक मंथन हुआ। हालांकि, भाजपाइयों के बीच बैठक में उठे मुद्दों पर चर्चा के बजाय प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम की अनुपस्थिति और प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार की उपस्थिति को लेकर कानाफूसी अधिक होती रही।
बैठक में दो पूर्व मुख्यमंत्रियों विजय बहुगुणा और तीरथ सिंह रावत की गैरमौजूदगी भी सियासी हलकों में चर्चा का विषय बनी रही।
बैठक में भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहे।
कोर ग्रुप बैठक में शामिल प्रमुख नेता
बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, सांसद अनिल बलूनी, अजय टम्टा, माला राज्य लक्ष्मी शाह, अजय भट्ट, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल और कल्पना सैनी, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, धन सिंह रावत, संगठन महामंत्री अजेय कुमार, तथा विधायक मदन कौशिक समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
7 मार्च से मंडल स्तर पर प्रशिक्षण अभियान
बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि 7 मार्च से 14 अप्रैल तक प्रदेश के सभी मंडलों में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक विषयों, चुनावी रणनीति और पार्टी की नीतियों की जानकारी दी जाएगी।
17 फरवरी को देहरादून में प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग की कार्यशाला आयोजित होगी। उसी दिन मुख्यमंत्री आवास में भाजपा के प्रांतीय पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों और जिला प्रभारियों के साथ मुख्यमंत्री का संवाद कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।
सरकार के चार साल पूरे होने पर मेगा आयोजन
प्रदेश सरकार के 23 मार्च को चार वर्ष पूर्ण होने जा रहे हैं। इस अवसर पर डेढ़ से दो लाख कार्यकर्ताओं की भागीदारी वाला बड़ा कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी या केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को आमंत्रित करने की योजना पर विचार किया गया है। कार्यक्रम की अंतिम तिथि और स्वरूप पर निर्णय कोर कमेटी की आगामी बैठक में लिया जाएगा।
मंत्रिमंडल विस्तार का राग फिर अलापा
महेंद्र भट्ट ने बताया कि मंत्रिमंडल विस्तार और सरकार में दायित्वों के बंटवारे का विषय भी केंद्रीय पर्यवेक्षक जेपी नड्डा के समक्ष रखा गया है। भट्ट ने कहा कि जल्द ही मंत्रिमंडल विस्तार के संबंध में निर्णय सामने आ सकता है। साथ ही दायित्वों की सूची भी आगामी दिनों में जारी की जाएगी।
प्रभारी की गैरहाजिरी पर सफाई
कोर ग्रुप की यह बैठक पहली बार प्रदेश प्रभारी की अनुपस्थिति में आयोजित हुई। इस पर महेंद्र भट्ट ने कहा कि केंद्र में नई टीम का गठन होना है, जिसके बाद प्रदेश प्रभारी को लेकर निर्णय होगा। दुष्यंत कुमार गौतम की अनुपस्थिति पर उन्होंने बताया कि वे पूर्व निर्धारित कार्यक्रम में व्यस्त थे।
राजनीतिक हलकों में इस बैठक को संगठनात्मक पुनर्संरचना और आगामी रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है। आने वाले दिनों में प्रशिक्षण अभियान, मेगा कार्यक्रम और संभावित मंत्रिमंडल विस्तार पर सभी की नजरें टिकी रहेंगी।
मगर इन सब बातों से ज्यादा चर्चा प्रदेश प्रभारी गौतम की अनुपस्थिति और संगठन मंत्री अजेय की उपस्थिति की रही। कुछ समय पहले भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर की पत्नी होने का दावा करने वाली उर्मिला सनावर द्वारा जारी ऑडियो- वीडियो में अंकिता भंडारी प्रकरण में कथित VIP के रूप में गौतम और अजेय कुमार का नाम उछलने से दोनों नेता विपक्ष के निशाने पर हैं। पार्टी के भीतर भी उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर कयासबाजी जारी है।
*****
