धामी सरकार के खिलाफ राजधानी देहरादून में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन

उत्तराखंड में बढ़ती आपराधिक घटनाओं, बिगड़ती कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार, महिला उत्पीड़न आदि मुद्दों को लेकर सोमवार को कांग्रेस सड़कों पर उतरी। राजधानी देहरादून में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और हजारों कार्यकर्ताओं ने लोक भवन (पूर्व नाम राजभवन) कूच किया।
कूच से पहले परेड ग्राउंड में आयोजित जनसभा में कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश की पुष्कर सिंह धामी सरकार पर तीखा हमला बोला। सभा में प्रदेश भर से पहुंचे कार्यकर्ताओं की भारी मौजूदगी देखने को मिली।
मंच पर दिखी कांग्रेस की पूरी टीम
कार्यक्रम में कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत और चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
नेताओं ने अपने संबोधन में राज्य सरकार पर अपराध नियंत्रण में विफल रहने, भ्रष्टाचार, महिला उत्पीड़न, बेरोजगारी और कथित प्रशासनिक शिथिलता के आरोप लगाए।

अपराध, बेरोजगारी और आपदा प्रबंधन पर सवाल
सभा में वक्ताओं ने दावा किया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है और आपराधिक घटनाओं में वृद्धि हुई है। देहरादून जिले में हाल के दिनों में हुई हत्याओं का उल्लेख करते हुए सरकार से जवाबदेही की मांग की गई।
इसके साथ ही भर्ती घोटालों, पेपर लीक प्रकरणों, पलायन, किसानों की समस्याओं और जंगली जानवरों के आतंक का मुद्दा भी उठाया गया। नेताओं ने आरोप लगाया कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों—धराली, बूढ़ा केदार, घनसाली, जोशीमठ, थराली, मुनस्यारी और धारचूला—में प्रभावित परिवारों को अभी तक पर्याप्त राहत नहीं मिल सकी है।
पुलिस ने हाथी बड़कला में रोका कूच
जनसभा के बाद हजारों कार्यकर्ता लोक भवन की ओर कूच के लिए रवाना हुए। हालांकि, पुलिस ने हाथी बड़कला क्षेत्र में बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इस दौरान कुछ कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात है।
