‘ऑपरेशन क्रैक डाउन’ : हल्द्वानी के बनभूलपुरा में पॉक्सो का आरोपी दो तमंचे व कारतूसों के साथ गिरफ्तार

‘ऑपरेशन क्रैक डाउन’ के तहत जनपद नैनीताल में चल रहे सघन सत्यापन अभियान के दौरान थाना बनभूलपुरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गौजाजाली उत्तर क्षेत्र से एक व्यक्ति को अवैध असलाह के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मोबिन खान (60 वर्ष) पुत्र अब्दुल बसीर खान, निवासी निकट आयशा मस्जिद, गौजाजाली उत्तर, थाना बनभूलपुरा के रूप में हुई है।
मुखबिर की सूचना पर घर की तलाशी
पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि आरोपी अपने घर में अवैध तमंचा रखे हुए है और परिजनों को धमकाकर झगड़ा करता है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर परिजनों की मौजूदगी में घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान अवैध असलाह व कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने कुल 17 जिंदा कारतूस और दो तमंचे बरामद किए गए।
आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज
आरोपी के खिलाफ धारा 3/25 आर्म्स एक्ट व 7/25(1-क) आर्म्स एक्ट के अंतर्गत थाना बनभूलपुरा में अभियोग पंजीकृत कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
पूर्व में भी रहा है आपराधिक इतिहास
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ वर्ष 2017 में थाना मुखानी में पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। उस प्रकरण में उसे न्यायालय से सात वर्ष की सजा सुनाई गई थी, जो वर्तमान में उच्च न्यायालय में अपील पर लंबित है।
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह वर्ष 2023 में शिक्षा विभाग से बर्खास्त हो चुका है।
एसएसपी ने दी जानकारी
नैनीताल के एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि पुलिस को ठोस सूचना मिली थी कि एक सजायाफ्ता व्यक्ति के पास अवैध हथियार मौजूद हैं। छापेमारी के दौरान घर से असलाह और कारतूस बरामद किए गए। उन्होंने कहा कि बरामद असलाह के स्रोत और उद्देश्य की जांच के लिए टेक्निकल टीम द्वारा विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
