देहरादून में हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा पर केस दर्ज, कॉलेज कार्यक्रम में गाली-गलौज का आरोप

देहरादून के डीएवी पीजी कॉलेज में आयोजित छात्रसंघ समारोह के दौरान मंच से गाली-गलौज करने के आरोप में हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। यह मुकदमा छात्र प्रतिनिधि प्रांचल नौनी की तहरीर पर दर्ज हुआ है।
पुलिस को दी गई शिकायत में बताया गया कि 11 अप्रैल को कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में मासूम शर्मा को प्रस्तुति के लिए बुलाया गया था। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मंच से सार्वजनिक रूप से छात्र-छात्राओं के सामने अभद्र और अश्लील भाषा का इस्तेमाल किया, जिसमें गालियां और आपत्तिजनक शब्द शामिल थे।
वीडियो वायरल, बढ़ा आक्रोश
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। मामला शैक्षणिक परिसर से जुड़ा होने के कारण इसे गंभीरता से लिया जा रहा है।
सीएम के जाने के बाद बदला माहौल
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद थे, लेकिन उनके जाने के बाद माहौल बदल गया। इसी दौरान मासूम शर्मा ने मंच से गाली-गलौज शुरू कर दी। कार्यक्रम में मौजूद पुलिस अधिकारी, स्टाफ और छात्र-छात्राएं असहज हो गए।
मासूम शर्मा जब गाली गलौज कर रहे थे तब उनके साथ खानपुर विधायक उमेश कुमार भी मंच पर मौजूद थे। इस कारण उमेश पर भी सवाल उठ रहे हैं।
पुलिस जांच जारी
इससे पूर्व सोशल मीडिया पर लोगों की भारी नाराजगी हुए देहरादून पुलिस ने गायक को नोटिस भेजा था। एसपी सिटी प्रमोद कुमार के अनुसार, मामले की जांच डालनवाला थाना पुलिस द्वारा की जा रही है। गायक को नोटिस भेजा गया है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मासूम शर्मा ने मांगी माफी
वीडियो वायरल होने के बाद मासूम शर्मा ने सोशल मीडिया पर माफी मांगते हुए कहा कि वे कुछ समय से मानसिक तनाव में थे। उन्होंने बताया कि एक संदिग्ध व्यक्ति उन्हें परेशान कर रहा था, जिसका असर उनके व्यवहार में दिखा।
उन्होंने कहा कि यदि उनके शब्दों से किसी को ठेस पहुंची है तो वे इसके लिए क्षमा चाहते हैं।
राजनीतिक और सामाजिक संगठनों का विरोध
इस मामले में उत्तराखंड क्रांति दल और अधिवक्ता सेवा मंच ने भी डालनवाला थाने में शिकायत दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। संगठनों का कहना है कि सार्वजनिक मंच से इस तरह की भाषा का प्रयोग प्रदेश की छवि को नुकसान पहुंचाता है।
पहले भी विवादों में रहे हैं मासूम शर्मा
मासूम शर्मा का नाम पहले भी कई विवादों में आ चुका है। 2024 में एक महिला ने मारपीट और छेड़खानी का आरोप लगाया था। 2025 में हरियाणा सरकार ने उनके गानों पर गन कल्चर को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। 2026 में जिंद में लाइव शो के दौरान अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया था।
