उत्तराखंड : 2027 की तैयारी या महज़ संयोग ? सांसद निधि का पत्र और महेंद्र भट्ट को लेकर सियासी चर्चाएं

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है भट्ट का पत्र
विधायक प्रेम अग्रवाल के खिलाफ दावेदारों ने चलाया अभियान
भट्ट के अलावा सुबोध उनियाल, अनिता ममगाईं, कुसुम कंडवाल, हेमंत द्विवेदी हैं संभावित दावेदार
उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट क्या 2027 के विधानसभा चुनाव में ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे? यह सवाल लंबे समय से पार्टी के भीतर और बाहर दोनों जगह चर्चा में रहा है। अब इस चर्चा को और बल उस पत्र से मिला है, जो आज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वायरल पत्र में महेंद्र भट्ट ने अपनी सांसद निधि से रायवाला क्षेत्र में खेल मैदान निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की स्वीकृति दी है। रायवाला ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है। पत्र के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है कि क्या यह केवल एक विकास कार्य है या फिर 2027 के चुनाव से पहले ऋषिकेश सीट पर राजनीतिक जमीन तैयार करने की शुरुआत।
2022 भाजपा की जीत, लेकिन भट्ट की व्यक्तिगत हार
भाजपा सूत्रों के अनुसार, 2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने उत्तराखंड में प्रचंड बहुमत हासिल किया था। इसके बावजूद महेंद्र भट्ट अपनी पारंपरिक बद्रीनाथ विधानसभा सीट से चुनाव नहीं जीत सके थे। इसके बावजूद उन्हें संगठन की कमान सौंपी गई और फिर राज्यसभा भेजा गया। हालांकि, पार्टी के भीतर यह माना जाता है कि 2027 से पहले भट्ट एक बार फिर विधानसभा की सक्रिय राजनीति में लौटने का विकल्प तलाश रहे हैं। इसका सीधा मतलब 2027 में मुख्यमंत्री की कुर्सी पर नजर माना जा रहा है।

बद्रीनाथ सीट और राजेंद्र भंडारी का फैक्टर
इस पूरे घटनाक्रम में बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र की राजनीति भी अहम भूमिका निभा रही है। विगत लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस विधायक राजेंद्र भंडारी ने अपनी पार्टी से इस्तीफा देकर भाजपा प्रत्याशी अनिल बलूनी के पक्ष में खुलकर प्रचार किया था। हालांकि, बाद में हुए उपचुनाव में भंडारी को हार का सामना करना पड़ा।
भाजपा सूत्रों का दावा है कि भंडारी की हार के पीछे पार्टी के कुछ बड़े नेताओं की भूमिका रही और यह बात दिल्ली में पार्टी हाईकमान तक भी पहुंची है। अब यह चर्चा है कि भाजपा हाईकमान आगामी विधानसभा चुनाव में राजेंद्र भंडारी को प्राथमिकता दे सकता है। ऐसे में बद्रीनाथ सीट पर भट्ट के लिए संभावनाएं कमजोर होती दिख रही हैं और उनकी नजर अब ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र पर बताई जा रही है।
महेंद्र के अलावा ऋषिकेश पर कई भाजपाइयों की नजर
ऋषिकेश के वर्तमान विधायक प्रेम चंद्र अग्रवाल को कैबिनेट मंत्री के पद से हटाए जाने के बाद ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र पर कई भाजपा नेताओं की नजर गड़ गयी है। ऋषिकेश विधानसभा के दावेदारों को उम्मीद है की भाजपा प्रेम अग्रवाल का टिकट भी काट सकती है। संभावित दावेदार इसकी भूमिका तैयार करने में भी जुटे हैं और उन्होंने अग्रवाल के खिलाफ जोरशोर से अभियान भी चलाया हुआ है। ऋषिकेश सीट पर जिन भाजपा नेताओं की नजर है उनमें बताया जा रहा है कि महेंद्र भट्ट के अलावा कैबिनेट मंत्री और वर्तमान में नरेंद्रनगर से विधायक सुबोध उनियाल, ऋषिकेश की पूर्व मेयर अनिता ममगाईं, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, बद्री – केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी आदि प्रमुख हैं। हालांकि, दिवेदी के बारे में यह भी कहा जा रहा है कि वो यमकेश्वर सीट से भी अपनी दावेदारी पुख्ता करने में लगे हुए हैं। द्विवेदी पिछले कई विधानसभा चुनावों से नैनीताल जिले की लालकुंवा सीट से टिकट मांगते रहे हैं। कुसुम कंडवाल व अनिता ममगाईं की भाजपा की प्रमुख महिला नेत्रियों में गिनती होती है।
यह खबर भी पढ़ें : हेलीकॉप्टर से शादी में पहुंचे भाजपा नेता, सोशल मीडिया में जमकर हुई चर्चा
