योगनगरी ऋषिकेश में कैसीनो पार्टी पर छापा: 10 महिलाओं समेत 40 गिरफ्तार, 12 पुलिसकर्मी निलंबित

rishikesh-police

देहरादून जनपद के ऋषिकेश क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक जुआ गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने ऋषिकेश में हरिद्वार रोड स्थित एक होटल में देर रात छापेमारी कर 40 लोगों को जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में स्थानीय लोगों के साथ-साथ अन्य जिलों और राज्यों के लोग भी शामिल हैं।

छापेमारी के दौरान पुलिस को मौके से भारी मात्रा में जुआ सामग्री और नकदी बरामद हुई। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से 3356 कैसीनो क्वाइन (टिक्की), 1 लाख 37 हजार 600 रुपये नकद और विभिन्न ब्रांड की 9 शराब की बोतलें बरामद की गईं। बरामदगी से स्पष्ट है कि यह जुआ पार्टी बड़े पैमाने पर और व्यवस्थित तरीके से संचालित की जा रही थी।

सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर कोतवाली ऋषिकेश में उनके खिलाफ जुआ अधिनियम की धारा 3/4/5 तथा आबकारी अधिनियम की धारा 60/68 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इनके संबंध किसी बड़े नेटवर्क से तो नहीं जुड़े हैं।

पुलिस के मुताबिक, जिस होटल में यह अवैध गतिविधि संचालित हो रही थी, उसकी पहचान हरिद्वार रोड स्थित होटल नवरंग के रूप में हुई है। कार्रवाई के बाद होटल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है। हालांकि, होटल मालिक छापेमारी के दौरान फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

इस मामले में स्थानीय पुलिस की लापरवाही भी सामने आई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून प्रमेंद्र डोबाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आईडीपीएल चौकी पर तैनात पूरे स्टाफ को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी समेत कुल 12 पुलिसकर्मी शामिल हैं।

एसएसपी का कहना है कि यदि स्थानीय स्तर पर नियमित चेकिंग और सत्यापन अभियान प्रभावी ढंग से चलाए जाते, तो इस तरह की गतिविधियों को पहले ही रोका जा सकता था। इस सख्त कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और स्पष्ट संदेश गया है कि लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पुलिस के अनुसार, इस पूरे मामले का खुलासा एक गोपनीय सूचना के आधार पर हुआ। सूचना में बताया गया था कि ऋषिकेश के एक होटल में बड़े स्तर पर जुआ खेला जा रहा है, जिसमें बाहरी राज्यों के लोग भी शामिल होते हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम का गठन कर योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की गई।

इस कार्रवाई ने न केवल एक बड़े जुआ नेटवर्क का खुलासा किया है, बल्कि यह भी संकेत दिया है कि क्षेत्र में बाहरी तत्वों की संलिप्तता के साथ अवैध गतिविधियां संचालित हो रही थीं।

*****