मोदी के देहरादून दौरे के बीच गूंजेगा अंकिता भंडारी मामला

ankita-bhandari

देहरादून में 14 अप्रैल को नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे के बीच, ‘अंकिता न्याय यात्रा संयुक्त संघर्ष मंच’ अंबेडकर जयंती के अवसर पर गांधी पार्क में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित करेगा और अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर सवाल उठाएगा।

उत्तराखंड के विभिन्न संगठनों ने अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के उद्देश्य से इस संघर्ष मंच का गठन किया है। मंच द्वारा इस मामले को लेकर लगातार विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे के मद्देनज़र, मंच पिछले कई दिनों से सोशल मीडिया के माध्यम से अंकिता भंडारी प्रकरण से जुड़े सवाल उठा रहा है।

मंच ने प्रधानमंत्री के स्वागत में राजधानी देहरादून में लगाए जा रहे बैनरों में भारतीय जनता पार्टी के उन नेताओं की तस्वीरें लगाए जाने पर आपत्ति जताई है, जिनका नाम अंकिता मामले में कथित वीआईपी के रूप में चर्चा में रहा है।

इसके अलावा, मंच ने भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री अजेय कुमार के प्रधानमंत्री के कार्यक्रमों की तैयारियों में सक्रिय भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं।

मंच ने मंगलवार 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान गांधी पार्क में डॉ. अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की है, जिसमें प्रधानमंत्री से अंकिता भंडारी मामले को लेकर सवाल पूछे जाएंगे।

उधर, सुराज सेवा संगठन ने भी प्रधानमंत्री मोदी के दौरे के दौरान उनसे भेंट कर अंकिता मामले समेत अन्य मुद्दों पर सवाल पूछने की बात कही है। आज मीडिया से बातचीत करते हुए दल के अध्यक्ष रमेश जोशी ने कहा कि उनका प्रयास होगा कि वे प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान उनसे भेंट करें और अंकिता मामले अपनी बात उन तक पहुंचा सकें। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन दो भाजपा नेताओं का नाम VIP के रूप में उछला है, उन्हें अभी तक पार्टी से पदमुक्त नहीं किया गया है। ऐसे में वो जांच को प्रभावित कर सकते हैं।